Tuesday, July 3, 2012

जिला परिषद की बैठक में एमबीबीएस का जलवा!

धनबाद : जिला परिषद धनबाद में एमबीबीएस का जलवा है। एमबीबीएस मतलब-मियां, बीबी और बच्चा सहित। अध्यक्ष माया देवी जब भी जिला परिषद की बैठक में हिस्सा लेती हैं, साथ में होते हैं उनके पति धरनीधर मंडल उर्फ गामा और पुत्र विश्वजीत मंडल। इससे जिला परिषद के अधिकारी और सदस्य असहज महसूस करते हैं। जिला परिषद बोर्ड की बैठकों में लिये गये निर्णयों के क्रियान्वयन की सोमवार को समीक्षा की गयी। समीक्षा बैठक में अध्यक्ष माया देवी, उपाध्यक्ष संतोष महतो, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह डीडीसी रतन कुमार गुप्ता, जिला अभियंता भगवान सिंह उपस्थित थे। बैठक में माया देवी के साथ उनके पति धरनीधर मंडल और पुत्र विश्वजीत मंडल भी उपस्थित थे। बैठक में माया देवी के साथ उपस्थित उनके पति और पुत्र द्वारा दिये जाने वाले सलाह अधिकारियों को नागवार गुजरता है। हालांकि किसी विवाद से बचने के लिए अपमानित होकर चुप बैठना ही बेहतर समझते हैं। दूसरी तरफ जिला परिषद के उपाध्यक्ष संतोष महतो ने कहा, बैठक में जिप अध्यक्ष के साथ उनके पुत्र और पति का बैठना संवैधानिक नहीं है। एक बार जिला परिषद बोर्ड की बैठक में हम लोगों ने विरोध भी किया था। 14 को बैठक, अनुपालन रिपोर्ट तलब : बैठक में जिला परिषद बोर्ड में लिये गये निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गयी। दो दिन के अंदर अनुपालन रिपोर्ट मांगी गयी। समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बोर्ड की बैठक में पास किये जाने वाले एजेंडे पर अमल नहीं होता है। अध्यक्ष माया देवी ने चेतावनी दी कि बोर्ड में पास होने वाले एजेंडे के अनुपालन नहीं होने के लिए जिम्मेवार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य को लिखा जायेगा। बैठक में जिप के नए 540 दुकानों को आवंटन करने का निर्णय लिया गया। फिर से राय बने प्रधान सहायक : डीडीसी रतन कुमार गुप्ता ने सीके राय को फिर से जिला परिषद का प्रधान सहायक बनाया है। आरोपो की जांच के कारण महीनों पहले राय को प्रधान सहायक के पद से हटा दिया गया था।

No comments:

Post a Comment

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...