Sunday, July 22, 2012

गैंग्स ऑफ शिवलीबाड़ी ने उगले कई अपराध

धनबाद : जिले के कुमारधुबी ओपी क्षेत्र के शिवलीबाड़ी से तीन देशी पिस्तौल, आधा दर्जन कारतूस, भुजाली, मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल, एटीएम कार्ड और नकदी समेत अंतरप्रांतीय गिरोह के आठ सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद धनबाद पुलिस ने अपनी पीठ थपथपायी है। पकड़े गये अपराधियों के साथ शनिवार को एसपी आरके धान ने कार्यालय में मीडिया के सामने मुखातिब होते हुए दावा किया कि निरसा-चिरकुंडा अंचल में घटित हालिया आपराधिक घटनाओं का खुलासा हो गया है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी निरसा-चिरकुंडा के साथ पं.बंगाल में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस एक सप्ताह से गैंग का पता लगाने में जुटी थी। गैंग का सरगना पप्पू उर्फ शमीम अंसारी है। गैंग में शामिल छोटू उर्फ अरसद अंसारी कुख्यात ट्रीपल मर्डर में शामिल नौशाद का भाई है। नौशाद को जेल भेजा जा चुका है। नौशाद पर गोधर निवासी राजा खटिक के पुत्र की हत्या का आरोप है। मिठू उर्फ आलोक दास गल्फरबाड़ी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्याकर शव दफनाने का आरोपी है। मो. अफजल आलम अपराधियों को क्राइम के लिए मोटरसाइकिल समेत अन्य सुविधा मुहैया कराता था। 20 जुलाई की रात दस बजे पप्पू शमशुद्दीन, छोटू उर्फ इसराफिल अंसारी, निसार अंसारी, चंगलू, मिठू, अरशद ने मिलकर निरसा ब्लाक के पास एक व्यवसायी से 22500 तथा मोबाइल लूटे थे। इस कांड में पुलिस साढ़े 16 हजार नगद, मोबाइल के साथ घटना में प्रयुक्त भुजाली बरामद की है। इससे पूर्व 18 जुलाई को निरसा चोपड़ा कॉलोनी में पप्पू, शमशुद्दीन तथा छोटू उर्फ इसराफिल अंसारी ने मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस कांड में भी लूटी गयी मोबाइल व बाइक बरामद की गई है। गिरोह ने 18 जुलाई को मैथन क्षेत्र में सरगना पप्पू उर्फ शमीम समशुद्दीन, छोटू इसराफिल व मो, अफताब आलम ने मिलकर एक लूट कांड को अंजाम दिया था। 16 जुलाई को कुमारधुबी स्टेशन के पास गिरोह ने एक महिला चिकित्सक से नगद समेत उनके बैग लूट लिए थे। जिसमें बैंक पासबुक, 3 वोटर आईकार्ड, चाभी का गुच्छा बरामद किया गया है। कल्याणेश्वरी थाना क्षेत्र में 19 जुलाई को एक व्यक्ति से मोबाइल तथा रुपये लूटे थे। लगातार लूट की घटना के बाद डीएसपी एजरा बोदरा के नेतृत्व में निरसा इंस्पेक्टर राजकपुर, चिरकुंडा इंस्पेक्टर सुंधाशु शशि कुजूर, निरसा प्रभारी विनोद कुमार, हरिनंदन प्रसाद सिंह, सुधीर प्रसाद साहू, संतोष कुमार गुप्ता, असीत कुमार मोदी, राजेंद्र कुमार दास, मोहन लाल यादव, अरविंद कुमार सिंह, आरएन सिंह सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

No comments:

Post a Comment

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...