भारत को बदनाम न करें मित्तल : बेनी
नई दिल्ली : इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा एनआरआइ अरबपति लक्ष्मी निवास मित्तल पर जमकर बरसे हैं। उन्होंने हिदायत दी है कि मित्तल को भारत और केंद्र सरकार को बदनाम करने से बाज आना चाहिए। स्टील किंग की नीयत पर सवाल खड़े करते हुए बेनी यह भी कहने से नहीं चूके कि क्यों नहीं वह देश में अपनी परियोजनाओं पर काम शुरू कर रहे हैं। दुनिया की सबसे बड़ी स्टील कंपनी आर्सेलरमित्तल के मुखिया मित्तल ने 19 जून को न्यूयॉर्क में कहा था कि औद्योगिकीकरण हर प्रमुख अर्थव्यवस्था के विकास का हिस्सा है और प्रगति को इस तरह से जोखिम में डालकर भारत करोड़ों लोगों को गरीबी की खाई से निकलने नहीं दे रहा है। झारखंड और ओडिशा में भूमि अधिग्रहण के संबंध में आर्सेलरमित्तल को हो रही समस्याओं के बारे में पूछे जाने पर इस्पात मंत्री ने कहा कि यह राज्यों का मसला है। मित्तल ने उनसे कभी संपर्क नहीं किया। उन्होंने कहा कि भारत में अपनी परियोजनाओं के साथ यदि वे आगे बढ़ना चाहते हैं तो केंद्र सरकार पूरी मदद करेगी। इस क्रम में दक्षिण कोरियाई स्टील कंपनी पोस्को का उदाहरण देते हुए उनका कहना था कि कंपनी ओडिशा में एक करोड़ 20 लाख टन का स्टील प्लांट लगाने जा रही है। पोस्को ने भारत में परियोजनाओं पर 12 अरब डॉलर निवेश करने की योजना बनाई है। जिन्हें आगे बढ़ना है, वे पोस्को को देख सकते हैं। आर्सेलरमित्तल को 30 अरब डॉलर की अपनी परियोजनाओं को शुरू करने के लिए छह साल से इंतजार है।
No comments:
Post a Comment