Sunday, July 22, 2012

गुटखे पर सूबे में जल्द प्रतिबंध

रांची : राज्य में गुटखे की बिक्री पर एक साल के लिए प्रतिबंध लगेगा। केंद्र सरकार के निर्देश पर राज्य सरकार इसे लेकर रेस हो गई है। संबंधित फाइल पर विभागीय मंत्री की सैद्धांतिक मुहर लग गई है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद दो-तीन दिनों में संबंधित अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार, शुरू में यह प्रतिबंध एक साल के लिए लगेगा। बाद में इसे विस्तार दिया जा सकेगा। इसके अनुपालन की जिम्मेदारी खाद्य निदेशालय को दी जाएगी। इस पर कैबिनेट की स्वीकृति लेने की आवश्यकता नहीं बताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल नवंबर से लागू फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट में ही गुटखों के उत्पादन, विपणन, संचय व बिक्री पर रोक का प्रावधान है। पिछले दिनों दिल्ली में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथारिटी आफ इंडिया (एफएसएसएआई) की सेंट्रल एडवाइजरी कमेटी की बैठक में कमेटी के अध्यक्ष एसएन मोहंती ने सभी राज्यों को फूड सेफ्टी से संबंधित इस केंद्रीय कानून के तहत गुटखों पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया था। राज्य में यह एक्ट लागू है, लेकिन गुटखों पर प्रतिबंध से संबंधित अधिसूचना अभी तक जारी नहीं हो सकी थी लेकिन अब सरकार इस पर पूरी तरह रोक लगाने के मूड में आ गयी है। इस बाबत राज्य सरकार को एफएसएसएआइ द्वारा पहले ही पत्र लिखा गया था। मालूम हो कि मध्य प्रदेश, केरल और बिहार पहले ही गुटखों पर प्रतिबंध लगा चुका है, जबकि महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान इसकी तैयारी में है। सरकार के इस निर्णय का सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया है। वहीं गुटखा कारोबारियों में हड़कंप है।

No comments:

Post a Comment

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...