Tuesday, June 26, 2012

एनएच32 के लिए 10 करोड़

धनबाद : केंद्र सरकार ने वर्षो से मरम्मत के अभाव में जर्जर होती जा रही गोविंदपुर-धनबाद-बोकारो सड़क (एनएच-32) की सुध ली है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने 25 किलोमीटर सड़क को मजबूत करने की योजना स्वीकृत की है। साथ ही करीब 10 करोड़ रुपए का आवंटन किया है। करीब चार वर्षो से इस सड़क की मरम्मत नहीं हो रही थी। राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल धनबाद द्वारा विशेष मरम्मत की योजना तैयार कर कई बार केंद्र को भेजी गयी लेकिन स्वीकृति नहीं मिल रही थी। विशेष मरम्मत और मजबूतीकरण की चार योजना तैयार कर केंद्र को भेजी गयी थी जिसमें में एनएचएआइ ने दो योजना स्वीकृत करते हुए राशि की व्यवस्था की है। एनएच-32 के किलोमीटर संख्या 0 से 9 (गोविंदपुर से पुलिस लाइन धनबाद) और किलोमीटर संख्या 27 से 43 (कपुरिया से चास) तक सड़क को मजबूत करने की योजना स्वीकृत की गयी है। किलोमीटर संख्या 0 से 9 तक सड़क मजबूतीकरण की योजना 3. 7 करोड़ और किलोमीटर संख्या 27 से 43 तक सड़क मजबूतीकरण की योजना 6 करोड़ रुपए की है। एनएच धनबाद प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता आरके गुप्ता ने बताया कि मंत्रालय से योजना स्वीकृत होने के बाद निविदा की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। उन्होंने कहा, दो और योजनाएं मंत्रालय को भेजी गयी हैं। दोनों योजनाओं के स्वीकृति होने के बाद गोविंदपुर-धनबाद-बोकारो सड़क की सूरत बदल जायेगी।

No comments:

Post a Comment

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...