अगले पांच वर्षो में "6729 करोड़ खर्च करेगी सरकार
रांची: झारखंड सरकार ने अगले पांच वर्षो में राज्य के सभी शहरों की तस्वीर बदलने पर भारी भरकम राशि खर्च करने का मन बनाया है। 6729 करोड़ रुपये की इस पंचवर्षीय योजना में शहरों के समेकित विकास का जो प्रारंभिक खाका तैयार किया गया है, वह निकाय क्षेत्रों का वर्तमान मुखौटा बदलने में मील का पत्थर साबित हो सकता है। पंचवर्षीय योजना में जहां स्लम फ्री शहर की परिकल्पना की गई है, वहीं बेहतर ट्रांसपोर्ट सिस्टम विकसित करने पर बल दिया गया है। चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, रैन बसेरा, पार्किंग स्थल, लाइब्रेरी, म्यूजियम, अनाथालय, ओल्ड एज होम, चिडि़याघर जैसी नगरीय सुविधा इस कार्य योजना का एक हिस्सा होगा। सुदृढ़ जलापूर्ति, ठोस कचरा प्रबंधन, बेहतर सीवरेज सिस्टम के अलावा और भी बहुत कुछ इस योजना में शामिल है। तैयार पंचवर्षीय प्लान में बेहतर नगरीय सुविधा, ठोस कचरा प्रबंधन, अर्बन ट्रांसपोर्ट सिस्टम जैसी कई योजनाएं पीपीपी मोड पर उतारने की बात कही गई है। शहरवासियों की सुविधा के लिए राज्य के नगर निकायों में सिंगल विंडो सिस्टम व ई-गवर्नेस बहाल करने के साथ-साथ निकायों को संविधान प्रदत्त अधिकार देकर उनकी वित्तीय स्थिति सुदृढ़ करने की बात भी कही गई है।
No comments:
Post a Comment