Monday, July 2, 2012

भारत-पाकिस्तान बने संयुक्त विजेता

कुआलालंपुर : फाइनल मुकाबले के आखिरी ओवर में दो विकेट गंवाने के कारण भारत को अंडर-19 एशिया कप में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ संयुक्त विजेता बनकर संतोष करना पड़ा। रविवार को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 282 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की ओर से कप्तान उन्मुक्त चंद (121) ने शतक जमाया, लेकिन वह फिर से आखिरी क्षणों में अपना विकेट गंवा बैठे। भारत को अंतिम ओवर में सात रन की दरकार थी। दायें हाथ के तेज गेंदबाज एहसान अदील के इस ओवर की पहली तीन गेंद पर केवल दो रन बने, जबकि चौथी गेंद पर उन्मुक्त ने सीमा रेखा पर कैच थमा दिया। अब भारत को जीत के लिए बाकी बची दो गेंद पर पांच रन चाहिए थे। पाकिस्तानी पारी के दौरान पांच विकेट लेने वाले रश कलारिया ने पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर भारतीयों की उम्मीदें बढ़ा दीं, लेकिन आखिरी गेंद पर वह आसान कैच दे बैठे और इस तरह से भारत का स्कोर आठ विकेट पर 282 रन पर थम गया और मैच टाई छूटा। उन्मुक्त ने अपनी पारी के दौरान बाबा अपराजित (90) के साथ दूसरे विकेट के लिए 175 रन की रिकॉर्ड साझेदारी भी की। इससे पहले पाकिस्तान की ओर से सलामी बल्लेबाज समी असलम (134) ने शतक जमाया। भारत की तरफ से कलारिया ने 37 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्मुक्त और असलम को उनकी शानदार शतकीय पारियों के लिए संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच चुना गया। असलम को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया। इस टूर्नामेंट में यह दूसरा मैच था जब भारतीय टीम आखिरी ओवर में पाकिस्तान पर जीत दर्ज नहीं कर पाई। इससे पहले लीग चरण में भारतीय टीम को आखिरी गेंद पर दो रन चाहिए थे, लेकिन वह एक रन भी नहीं बना सकी थी और पाकिस्तान एक रन से मैच जीत गया था। यह अंडर-19 वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांचवां अवसर है, जब कोई मैच टाई छूटा। उन्मुक्त ने इस तरह की क्रिकेट में चौथा शतक लगाया, जो कि नया रिकॉर्ड है। इससे पहले छह बल्लेबाजों के नाम पर तीन-तीन शतक का रिकॉर्ड दर्ज था।

No comments:

Post a Comment

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...