Tuesday, July 3, 2012

शारापोवा विंबलडन से बाहर

विश्व की नंबर एक खिलाड़ी मारिया शारापोवा का लगातार दूसरा ग्रैंड स्लैम जीतने का सपना विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के चौथे दौर में टूट गया। विश्व की 15वें क्रम की जर्मनी की सबिने लिसिकी ने रूसी खिलाड़ी को उलटफेर का शिकार बनाते हुए टूर्नामेंट से बाहर किया। पिछले चार में से तीन ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में और इसी महीने फ्रेंच ओपेन खिताब जीतने के बाद शारापोवा को यहां खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन कोर्ट नंबर एक पर लिसिकी ने 2004 की चैंपियन शारापोवा को एक घंटे, 23 मिनट में 6-4, 6-3 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही लिसिकी ने पिछले साल यहीं पर शारापोवा के हाथों सेमीफाइनल में मिली हार का बदला भी चुका लिया। लिसिस्की अपना पहला सर्व गेम हार गईं, लेकिन इसके बाद उनके खेल में जबरदस्त बदलाव आया। लिसिकी ने शक्तिशाली स्ट्रोक्स से दूसरे और फिर चौथे गेम में शारापोवा की सर्व भंग की। शारापोवा ने नौंवे गेम में ब्रेक के साथ अपनी सर्व बरकरार रखी और 5-5 की बराबरी कर ली, लेकिन महत्वपूर्ण मौके पर रूसी खिलाड़ी लय के साथ सíवस गंवा बैठीं और लिसिस्की ने सेट अपने कब्जे में कर लिया। प्रशंसकों को उम्मीद थी कि शारापोवा अगले सेट में वापसी करेंगी, लेकिन लिसिकी ने इस खतरे को पहले ही भांपते हुए अपनी रणनीति बदली। दूसरे सेट के दूसरे ही गेम में जर्मन खिलाड़ी ने ब्रेक हासिल किया। इसके बाद शारापोवा पूरी तरह रक्षात्मक दिखाई दीं। यहां से लिसिकी हर तरह से शारापोवा पर हावी दिखाई दीं। जोरदार विनर्स के साथ ही लिसिकी को शारापोवा की गलतियों का भी फायदा मिला और उन्होंने लगातार दूसरी बार टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अगले दौर में लिसिकी का सामना हमवतन आठवीं वरीयता प्राप्त एंजेलिक कर्बर से होगा। चार बार की चैंपियन सेरेना विलियम्स को यहां दसवीं बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए कजाखिस्तान की युवा सनसनी यारोस्लावा श्वेदोवा से तीन सेटों तक संघर्ष करना पड़ा। छठी वरीयता प्राप्त सेरेना ने गैर वरीयता कजाख खिलाड़ी को एक घंटा, 54 मिनट में 6-1, 2-6, 7-5 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश कर लिया। कोर्ट नंबर दो पर सेरेना शुरआत में बेहद ही आक्रामक मूड में दिखाई दे रही थीं, लेकिन 65वें क्रम की श्वेडोवा ने दूसरे सेट के बाद उन्हें काफी संघर्ष कराया। अपने तीसरे दौर के मैच में एक सेट में सभी 24 अंक जीतकर गोल्डन सेट बनाने वाली श्वेदोवा 13 ग्रैंड स्लैम जीत चुकीं सेरेना के खिलाफ यह कारनामा नहीं दोहरा सकीं।

No comments:

Post a Comment

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...