Sunday, July 22, 2012

भारत की जीत के साथ दौरे की शुरुआत

हंबनटोटा : डेढ़ महीने के ब्रेक से लौटी भारतीय टीम ने श्रीलंका दौरे की शुरुआत जीत के साथ की। नए जोश के साथ उतरे धौनी के धुरंधरों ने शनिवार को यहां पांच वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका को 21 रन से हरा दिया। 315 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम 50 ओवरों में 9 विकेट पर 293 रन ही बना सकी। श्रीलंका के लिए कुमार संगकारा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 151 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौकों की मदद से 133 रन बनाए, लेकिन उन्हें तिसारा परेरा के अलावा किसी का साथ नहीं मिला। विराट कोहली की 106 रन की शानदार शतकीय पारी और सैकड़े से चूकने वाले वीरेंद्र सहवाग के 96 रन से भारत ने छह विकेट पर 314 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। श्रीलंका के लिए संघर्षपूर्ण पारी खेलने वाले संगकारा 48वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए। परेरा ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। गेंदबाजी में उन्होंने तीन विकेट झटके, जबकि बल्ले से उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों पर 44 रन निकाले। परेरा ने संगकारा के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी की।

No comments:

Post a Comment

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...