Sunday, July 1, 2012

आर्थिक समाचार

सेंसेक्स के 18 हजार तक पहुंचने की उम्मीद

मुंबई :प्रणब मुखर्जी के वित्त मंत्री के पद से इस्तीफा देने और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के वित्त मंत्रालय का भार संभालते ही भारतीय शेयर बाजार ने जोरदार विदाई और सलामी दोनों दी हैं। सप्ताह का अंत भला हुआ है और अब उम्मीद है कि सेंसेक्स जल्द ही 18,000 अंक पर पहुंच जाएगा।
बाजार के विश्लेषक इस बात से सहमत हैं कि अब इसके बाद बांबे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के संवेदी सूचकांक का लक्ष्य 18,000 अंक का स्तर है। अजकॉन ग्लोबल के चेयरमैन अशोक अजमेरा कहते हैं कि प्रधानमंत्री के पास वित्त मंत्रालय जाने से निवेशकों का विश्वास बढ़ा है और एक आकर्षक रैली बाजार में दिखी है। हालांकि, उनके सुधार कार्यक्रम का असर तुरंत दिखना मुश्किल है, पर आगे चलकर इसका असर दिख सकता है। वे कहते हैं कि वोडाफोन टैक्सेशन, यूरोजोन के संकट और कुछ घरेलू मुद्दों का असर बाजार पर था, पर अब घरेलू मोर्चे से अगर सकारात्मक शुरुआत होती है, तो बाजार में अच्छी रैली रहेगी। यह भी संभव है कि घरेलू संस्थान (डीआईआई) अब मुनाफा बुक कर सकते हैं।
दूसरी ओर, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) खरीदारी भी कर सकते हैं। इसलिए यहां से हो सकता है कि मुनाफा वसूली से निफ्टी थोड़ा नीचे चला जाए।अजमेरा कहते हैं कि सरकार जल्द ही रिजर्व बैंक को कुछ सकारात्मक निर्देश दे सकती है और संभव है कि तीसरी तिमाही से बाजार के सुधरने पर सरकार अपने विनिवेश कार्यक्रम को शुरू कर दे। आईसीआईसीआई सिक्युरिटीज के रिसर्च हेड पंकज पांडेय कहते हैं कि पिछले कुछ महीनों से नकारात्मक खबरों के बावजूद बाजार एक दायरे में ही रहा है। अब महज एक सकारात्मक खबर आने से जो 400 अंकों का उछाल देखा गया है, उससे यह सीधा संकेत है कि नकारात्मक खबरों का बाजार पर कम असर और सकारात्मक खबरों का ज्यादा असर दिखेगा। पंकज पांडेय कहते हैं कि घरेलू मोर्चे पर अगर संकट को सुलझाने की शुरुआत होती है तो बाजार 18,000 से ऊपर का आंकड़ा छू सकता है। सरकार के लिए राहत की बात यह है कि क्रूड की कीमतें लगातार घट रही हैं, जिससे उसे अपनी समस्याओं से निपटने में मदद मिल सकती है। साथ ही वैश्विक स्तर पर भी अगले तीन-चार महीनों में स्थिति साफ हो जाएगी, जिसका असर घरेलू बाजार पर भी दिखेगा।

No comments:

Post a Comment

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...