रांची:
भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने कहा कि स्विस बैंकों में जमा काला धन कांग्रेसियों का है, इसीलिए सरकार उनके नामों का खुलासा नहीं कर रही है। उनका कहना है कि जब भाजपा सत्ता में आएगी, उन 800 लोगों के नाम जनता के सामने लाएगी, जिसे यूपीए सरकार छिपाए हुए है। यहां शनिवार को भाजपा के जेल भरो आंदोलन कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करते हुए यशवंत ने भ्रष्टाचार, काला धन और महंगाई को लेकर यूपीए सरकार पर जमकर प्रहार किए। इस मौके पर यशवंत के अलावा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, यूपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति त्रिपाठी समेत सैकड़ों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जयपाल सिंह स्टेडियम से राजभवन तक पैदल मार्च कर गिरफ्तारी दी। यशवंत ने कहा, वित्तमंत्री के पास 800 लोगों के नाम हैं, जिनका काला धन स्विस बैंकों में जमा है। भारत सरकार उनके नामों का खुलासा नहीं कर रही है। काले धन पर श्र्वेत पत्र के नाम देश को धोखा दिया जा रहा है। यशवंत ने यूपीए-2 सरकार को अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया। कहा, आठ साल से इस देश में यूपीए का शासन है, लेकिन इतनी भ्रष्ट सरकार इस देश में कभी नहीं बनी। टूजी घोटाले के बारे में सोनिया गांधी व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह दोनों को 2009 से पता था कि चिदंबरम व राजा ने घोटाला किया है, फिर भी उन्हें मंत्री बनाया गया। उन्होंने महंगाई को लेकर कहा कि रुपये का अवमूल्यन हो रहा है, हमारे देश की अर्थव्यवस्था इतनी चौपट कभी नहीं थी। उन्होंने यशवंत ने यूपीए सरकार को उल्टी-पुल्टी सरकार की संज्ञा दी। उत्तरप्रदेश के पूर्व भाजपा अध्यक्ष रमापति त्रिपाठी ने कहा, आज चारों तरह हाहाकार है, महंगाई इतनी बढ़ गई कि आम आदमी का चूल्हा नहीं जल रहा है, लोग भूख से मर रहे हैं। जब केंद्र में हमारी सरकार थी तब महंगाई रुकी थी, घटी थी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने भी महंगाई, भ्रष्टाचार व काले धन को लेकर यूपीए सरकार पर प्रहार किए। कहा, केंद्र की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कार्यकर्ता तैयार रहें। मौके पर कांके विधायक रामचंद्र बैठा, मुख्यालय प्रभारी गामा सिंह, उपाध्यक्ष दीपक प्रकाश, सीमा शर्मा, प्रवक्ता प्रेम मित्तल, प्रदीप सिन्हा, रामजी लाल शारदा, सतीश सिन्हा, विरेंद्र प्रसाद, सुनील साहू, मनोज वाजपेयी, गणेश मिश्र, यदुनाथ पांडेय समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद ने की। राज्य के अन्य हिस्सों में शुक्रवार को ही प्रदर्शन किया गया था।
No comments:
Post a Comment