Sunday, August 5, 2012

दूसरे स्थान पर पहुंचा भारत

पाल्लेकल : इरफान पठान के पांच विकटों की मदद से भारत ने पांच वनडे मैचों की सीरीज के अंतिम वनडे में श्रीलंका को 20 रनों से पीटते हुए सीरीज पर 4-1 से कब्जा जमाया। बड़े अंतर से सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम की वनडे रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। अब वह चौथे स्थान से छलांग लगाकर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। उसके और शीर्ष पर बैठी ऑस्ट्रेलियाई टीम के बराबर 119 अंक हैं, लेकिन दशमलव की गणना में भारत पीछे है। भारत की जीत की नींव गौतम गंभीर (88) और मनोज तिवारी (65) ने चौथे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी करके और कप्तान एमएस धौनी ने 38 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाकर रखी थी, लेकिन वह पठान थे जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाया। पठान के भारत के सात विकेट पर 294 रन के स्कोर में नाबाद 29 रन का योगदान दिया और बाद में 61 रन देकर पांच विकेट लिए, जिससे श्रीलंका 45.4 ओवर में 274 रन पर आउट हो गया। अपने दो स्टार खिलाडि़यों कप्तान महेला जयवर्धने और कुमार संगकारा के बिना खेल रहे श्रीलंका ने चोटी के पांच बल्लेबाज 102 रन पर गंवा दिए थे। इसके बाद लाहिरू थिरिमाने (77) और जीवन मेंडिस (72) ने छठे विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी करके उम्मीद जगाई, लेकिन पठान ने दोबारा गेंद संभालकर तीन विकेट लिए जिससे भारत ने जीत के साथ सीरीज का अंत किया। पठान मैन ऑफ द मैच बने और विराट कोहली को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। भारत अब श्रीलंका से सात अगस्त को ट्वेंटी20 मैच खेलकर सीरीज का अंत करेगा।

No comments:

Post a Comment

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...