Friday, July 27, 2012

गुटखा की दुकानों पर जबरदस्त छापेमारी अभियान चलाया

धनबाद : गुटखा की बिक्री और भंडारण रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। गुरुवार को विभाग के अधिकारियों ने धनबाद शहर से लेकर सुदूर तोपचांची तक जबरदस्त छापेमारी अभियान चलाया। शहर में छापेमारी का नेतृत्व सिविल सर्जन डॉ. शशिभूषण प्रसाद सिंह तो तोपचांची में एसीएमओ डॉ. आरडीपी सिंह कर रहे थे। सिविल सर्जन ने कोर्ट मोड़ से अभियान शुरू किया और पैदल एक-एक पान-गुटखा दुकानों की जांच करते हुए स्टेशन रोड तक गए। उन्होंने कई दुकानों में रखे गुटखों को सीज कर जलवा दिया। दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई। अभियान से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। उनके साथ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एके सिंह और माडा के फूड इंस्पेक्टर रवि श्रीवास्तव भी मौजूद थे। छापेमारी शुरू होने की सूचना के साथ ही अधिकतर दुकानदारों ने गुटखा हटा दिया। तोपचांची बाजार : अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरडीपी प्रसाद सिंह ने तोपचांची क्षेत्र में गुटखा दुकानों की जांच की। उन्होंने दुकानदारों को किसी भी तरह का गुटखा और पान मसाला नहीं बेचने की हिदायत दी। अब दुकानों के आगे नहीं पीछे रखा जा रहा गुटखा, कीमतें दोगुनी : गुटखा पर रोक के साथ जिले में इसकी कालाबाजारी शुरू हो गई है। इस समय बाजार में दो रुपया वाला गुटका सीधे तीन रुपये में बिक रहा है। इसी तरह सबसे ज्यादा बिकनेवाले पान मसाले की कीमत 10 से बढ़ाकर 20 रुपये कर दी गई है। दुकानदार अब दुकान के आगे गुटखे को लटकाकर नहीं रख रहे हैं बल्कि आसपास या दुकान के पीछे सुरक्षित स्थान पर छिपाकर रख रहे हैं। ग्राहक की भली-भांति पहचान के बाद ही उसे ऊंची कीमत पर गुटखा दिया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...