गैंग्स ऑफ वासेपुर-2 त्न फिल्म के प्रचार के लिए धनबाद नहीं आएंगे फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप
गैंग्स ऑफ वासेपुर के चाहने वालों के लिए एक बुरी खबर है। फिल्म के प्रमोशन के लिए न ही निर्देशक अनुराग कश्यप और न ही उनकी प्रोडक्शन टीम धनबाद आएगी। इसकी पुष्टि गैंग्स ऑफ वासेपुर के लेखक और अभिनेता जीशान कादरी ने की। उन्होंने फोन पर बताया कि हमारी टीम की फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है और न ही हम ऐसी किसी योजना पर विचार कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि फिल्म के पार्ट-2 का प्रीमियर भी धनबाद में नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि फिल्म के रिलीज होने के बाद अनुराग की टीम ने कहा था कि वह पार्ट-2 से पहले धनबाद का दौरा करेंगे। जीशान ने बताया कि पार्ट-2 का प्रमोशन काफी जोर-शोर से चल रहा है। पूरी टीम को उम्मीद है कि पार्ट-2 भी बॉक्स ऑफिस पर भी पूरी तरह से सफल होगी।जल्द आना चाहता हूं धनबाद
पार्ट-1 की रिलीज के बाद ही मैं धनबाद जाना चाहता था, लेकिन रिलीज के बाद पार्ट-2 के प्रमोशन और अन्य कार्यक्रमों के कारण नहीं जा सका। हालांकि फिल्म के बारे में वहां के लोगों की प्रतिक्रियाएं मुझे जरूर मिल रही हैं, लेकिन वहां मौजूद होने का अनुभव ही कुछ अलग है। मैं जल्द ही धनबाद आने की कोशिश करूंगा।
जीशान कादरी, लेखक व अभिनेता
किसी के लिए भी नहीं होगी फिल्म की स्क्रीनिंग
जीशान के अनुसार, पार्ट-2 की रिलीज से पहले किसी के लिए भी फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने इस बात को सिरे से खारिज किया कि गैंगस्टर फहीम खान की पत्नी ने पार्ट-2 की रिलीज से पहले स्पेशल स्क्रीनिंग की मांग की है। उन्होंने बताया कि हमें अभी तक न तो झारखंड के डिस्ट्रीब्यूटर और न ही फहीम खान के परिवार की तरफ से ऐसी कोई सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि पार्ट-2 को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है और फिल्म सिनेमाघरों में आठ अगस्त को ही रिलीज होगी।
पार्ट-1 का नहीं हुआ था प्रमोशन
गैंग्स ऑफ वासेपुर पार्ट-1 का प्रमोशन भी धनबाद में नहीं हुआ था, जिससे सिने प्रेमियों को काफी निराशा हुई थी। उन्हें उम्मीद थी कि पार्ट-2 का प्रमोशन यहां जरूर होगा। पार्ट-1 की म्यूजिक रिलीज पटना में खुद अनुराग कश्यप ने की थी। धनबाद न आने के बारे में जीशान ने बताया कि हम फिल्म के प्रमोशन के लिए धनबाद जरूर आना चाहते थे, लेकिन बिजी शिड्यूल और विदेशों में कई कार्यक्रमों के कारण हम धनबाद नहीं आ सके। इसका पूरी टीम को अफसोस है। उन्होंने बताया कि अनुराग अभी हंगरी में हैं।

No comments:
Post a Comment