Wednesday, July 4, 2012
मुनीडीह कांटाबाबू निलंबित, ट्रांसपोर्टर ब्लैकलिस्टेड
धनबाद : कोल तस्करी के मामले में बीसीसीएल प्रबंधन ने मुनीडीह कांटाबाबू को निलंबित कर दिया है। परिवहन कार्य करनेवाली कंपनी को ब्लैकलिस्टेड कर उसके सारे भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया गया है। अन्य क्षेत्रों के ट्रांसपोर्टर के भुगतान पर भी रोक लगा दी गई है। पुलिस द्वारा जब्त कोयले की कीमत जुर्माना समेत वसूलने की तैयारी में कंपनी जुट गई है। गंजलीटांड़ कोलियरी से तीन डंपर कोयला लेकर मुनीडीह कोल वाशरी के लिए निकले थे लेकिन ये डंपर वाशरी न जाकर गोविंदपुर भट्ठा पहुंच गए। गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर इस तस्करी का पर्दाफाश किया। कोल तस्करों की सेटिंग इतनी जबरदस्त थी कि वाशरी पहुंचे बिना ही इन डंपरों की वहां इंट्री दर्ज की गई थी। मामले में पुलिस ने कुल पंद्रह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तकनीकी निदेशक अशोक सरकार ने बताया कि प्रबंधन ने मुनीडीह वाशरी के कांटा बाबू बसंत कुमार दुबे को निलंबित कर दिया है। परिवहन कार्य करने वाली सुशील ट्रांसपोर्ट एंड कंपनी को कंपनी ने ब्लैकलिस्टेड कर दिया है। साथ ही ठेके का रजिस्ट्रेशन भी रद कर दिया गया है। इस कंपनी के तमाम भुगतान पर रोक लगा दी गई है। तस्करी के खिलाफ नई व्यवस्था : अशोक सरकार ने बताया कि अब को-ऑपरेटिव सोसाइटी के तहत काम करनेवालों को कोलियरी के अंदर का ही काम दिया जाएगा। कोयले की ट्रांसपोर्टिग कार्य के लिए कंपनी की ही गाड़ी इस्तेमाल होगी। यदि जरूरत हुई तो लांग टर्म कार्य करने वालों से अनुबंध किया जाएगा। को-ऑपरेटिव सोसाइटी के सचिव से एक शपथपत्र भी लिया जाएगा।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...
No comments:
Post a Comment