Monday, July 30, 2018

बाबाधाम में डेढ़ लाख से ज्यादा जुटे श्रद्धालु, जलार्पण को लगी पांच किलोमीटर लम्बी कतार

श्रावणी मेले की पहली सोमवारी को बाबाधाम व बासुकीनाथ गेरुवा रंग से पटा दिखाई दिया। बाबाधाम में बाबा का जलार्पण पूर्वाह्न 3:30 बजे से शुरू किया गया। श्रावणी मेले की पहली सोमवारी को श्रद्धालुओं की लम्बी लम्बी कतार पहुंची। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर कड़ी सुरक्षा के बीच लगातार जलार्पण के लिए पहुंचे। बाबाधान में श्रावणी मेले में करीब डेढ़ लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। वहीं जलापर्ण करने को लेकर पांच किलोमीटर से ज्यादा लम्बी कतार लगी है। लोग रविवार की रात से ही कतार में खड़े हैं।
सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में साफ -सफाई का 24 घंटे ध्यान रखा जा रहा है। इसके लिए सफाई कर्मचारी भी तैनात हैं। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी इंतजाम किए गए हैं। सभी सुरक्षा कर्मी अपने कर्तव्य स्थल पर मौजूद हैं। उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह रूट लाइन, विधि-व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। वहीं एनडीआरएफ की टीम शिवगंगा में मुस्तैद है। ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं की जान बचाई जा सके। सूचना-सह-सहायता कर्मी अपने अपने सूचना केंद्रों पर मौजूद हैं। इसके अलावा स्वास्थ्यकर्मियों की भी भारी व्यवस्था की गई है। सावन की पहली सोमवारी पर बाबा वैद्यनाथ की प्रातःकालीन पूजा सरदार पण्डा गुलाबनन्द ओझा ने की। पूजा के बाद श्रद्धालुओं को दर्शन करने का मौका मिला। इस दौरान देवघर में भीड़ इतनी ज्यादा हो गई है कि भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस बेंत की छड़ी भक्तों पर चटका रही है। ताकि विधि व्यवस्था को बनाया जा सकें।
https://www.facebook.com/DhanbadDarshan/

राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव बैद्यनाथधाम में पहली सोमवारी को पूर्वाह्न 11 बजे से मेले में आए श्रद्धालुओं के साथ मुख्यमंत्री रघुवर दास का ‘सीधा संवाद रांची से बाघमारा में लाइव होगा।अधिकारी बाइक से ले रहे जायजाश्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई चूक न हो जाए इसके लिए अधिकारी बाइक से ही सुरक्षा व्यवस्था की जायजा ले रहे हैं। एसडीओ रामनिवास यादव बाइक से ही सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए निकल पड़े। वहीं सोमवार की सुबह 3 बजे के आसपास आईजी सुमन गुप्ता बाइक से निकली व्यवस्था देखने। जलसार मोड़ के पास श्रद्धालुओं की कतार टूट गई। कतार।
बासुकीनाथ धाम में भी बढ़ी कांवरियों की भीड़:
दुमका। सावन की पहली सोमवारी को बासुकीनाथ धाम में कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह तीन बजे सरकारी पूजा के बाद भक्तों के लिए मंदिर का पट खोला गया। बासुकीनाथ मंदिर में पहली बार अरघा से बाबा को जलार्पण की व्यवस्था की गई है। बासुकीनाथ मंदिर में कांवरियों की लम्बी लम्बी कतार देखने को मिली।

मरिचो गांव में हाथियों के झुंड ने मचाया उत्पात, 50 घरों को तोड़ा

बरवाअड्डा के मरिचो में हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। रविवार की देर रात करीब दर्जनभर हाथियों के झुंड ने 50 से भी ज्यादा घरों को तोड़ दिए। इन घरों में ज्यादातर घर मिट्टी के थे। हाथियों ने घर में रखे अनाज को भी चट कर दिया। इसके अलावा किसानों की फसल को भी नुकसान पहुंचाया जिसमें धान के बीज, केले के बगान, मकई की फसल, घर में रखे अनाज सहित काफी सामान को नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों ने देर रात इसकी सूचना फॉरेस्टर को दी थी। लेकिन वे समय पर नहीं पहुंचे। फॉरेस्टर के सुबह पहुंचने पर ग्रामीणों ने करीब तीन घंटों तक उन्हे बंधक बनाया।   https://www.facebook.com/DhanbadDarshan/  
https://www.youtube.com/channel/UC8zXu81b9yjhgNVu0sEFl-Q

रोटरी क्लब धनबाद की नई कमेटी ने संभाला पदभार

रोटरी क्लब ऑफ धनबाद का 72वें चेंज ओवर डे का आयोजन बैंक मोड़ स्थित एक होटल में किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2018-19 के लिए नई कमेटी को पदभार ग्रहण करवाया गया। नई कमेटी में डॉ. मनीष कुमार अध्यक्ष और रोहित लाला को सचिव बनाया गया।
रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के नए अध्यक्ष के रूप में डॉ. मनीष कुमार ने रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के वर्ष 2018-19 के लिए प्रस्तावित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की जानकारी साझा करते हुए कहा कि उनकी नई टीम रोटरी क्लब के इस वर्ष के थीम बी द इंस्पिरेशन को साकार करने के लिए कृतसंकल्प है। मुख्य अतिथि अमिताभ चौधरी (पूर्व जिलापाल, रोटरी क्लब) ने सभी को क्लब के उद्देश्य एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के चयनित कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई दी। क्लब के पूर्व अध्यक्ष पार्था सिन्हा ने वर्ष 2017-18 के कार्यों का प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रस्तुत किया।
रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के वर्ष 2018-19 की नई कार्यकारिणी में डॉ. मनीष कुमार अध्यक्ष, रोहित लाला सचिव, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में नंदलाल अग्रवाल, भरत नरूला, दीपक अग्रवाल, तजेंद्र सिंह, कुमार मनीष को शामिल किया गया है। कार्यक्रम सफल बनाने में विवेक उपाध्याय, संदीप नारंग, संजय खेमका, रूपेश बंसल, अनु नारंग, अंजू गंडोत्रा, राजन गंडोत्रा, पार्था सिन्हा, गगन दुधानी, वीरेश दोषी, सुरेश अग्रवाल, राजेंद्र बिरदी थे।

Wednesday, July 25, 2018

सुतली बम के धमाकों से माउंट ब्रेसिया स्कूल थर्राया

बम धमाकों से सोमवार की दोपहर टिकियापाड़ा डुमरियाटांड़ स्थित माउंट ब्रेसिया स्कूल और आसपास का इलाका थर्रा उठा। 20 मिनट में एक के बाद एक सुतली बम के दो धमाके हुए। इस बीच, स्कूल भवन की छत पार कर प्रांगण में एक बम गिरा। बम के गिरते ही कक्षाओं में छात्र-छात्राओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि प्रांगण में गिरा बम फटा नहीं। दोपहर करीब 3.10 बजे से 3.30 बजे के बीच धमाके हुए। स्कूल में बम मिलने की खबर से हड़कंप मच गया। प्रायार्य एसके गुहा ने फौरन पूरे मामले की सूचना धनसार थाने को दी। सूचना पाकर आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को स्कूल के अंदर फेंका गया बम दिखाया गया। पुलिस ने आसपास वाली गली का मुआयना किया, जहां फटे बम की जली सुतली मिली। जिंदा बम में पलीता लगा था। माना जा रहा है कि स्कूल प्रांगण में दूर से फेंके जाने के कारण पलीता बुझ गया और बम नहीं फटा। पुलिस मान रही है कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत है। माउंट ब्रेसिया स्कूल के प्रबंधन ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की। स्कूल के बाहर बम धमाके और स्कूल के अंदर फेंके गए बम की घटना से शिक्षक और छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों में भय का माहौल है। बम में पलीता जरूर लगा था, लेकिन बम इतना शक्तिशाली था कि आसपास का पूरा इलाका धमाके की गूंज से दहल उठा। जो बम बरामद हुआ है, वह दीपावली पर मिलने वाला साधारण बम नहीं है। हालांकि झरिया की पटाखा दुकानों में ऐसे बम चोरी-छिपे बेचे जाते हैं। यदि बम किसी के बिल्कुल पास में फट जाता, तो खासा नुकसान हो सकता था। माउंट ब्रेसिया स्कूल की छत की पिछली दीवार से एक घर की छत बिल्कुल सटी हुई है। उस घर की छत से आराम से स्कूल की छत पर आया जा सकता है। बम कांड की छानबीन के दौरान जब स्कूल के शिक्षक छत पर चढ़े, तो वहां गांजा पीने वाला एक चिल्लम मिला। जले सिगरेट के टुकड़े समेत अन्य आपत्तिजनक चीजें भी बयां कर रही थीं कि छत पर असामाजिक तत्व का आना-जाना रहता है। स्कूल प्रबंधन मान रहा है कि स्कूल की छत से ही प्रांगण में बम फेंका गया। हालांकि पुलिस जांच में ही पूरे मामले का खुलासा होगा।

डिग्री सेमेस्टर में ऑनलाइन आवेदन अब 28 तक

डिग्री सेमेस्टर वन में किसी कारणवश चांसलर पोर्टल में ऑनलाइन आवेदन नहीं करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है। बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) प्रबंधन ने छात्रों और छात्र संगठनों की मांग पर छूटे छात्रों के लिए 28 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन फिर से स्वीकार करने की घोषणा की। मंगलवार को ऑनलाइन पोर्टल फिर से खुल रहा है। बीबीएमकेयू के धनबाद और बोकारो के अंगीभूत कॉलेजों के लिए यह आदेश प्रभावी होगा। 28 जुलाई अंतिम तिथि है। इसके बाद मौका नहीं मिलेगा। इस बार चालान अपलोड सिस्टम बंद कर दिया गया है। ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद फीस पेमेंट गेटवे के माध्यम से भरनी होगी। विवि का पेमेंट गेटवे चालू कर दिया गया है। विवि के सूचना पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार ने बताया कि वैसे छात्र-छात्राएं जो अबतक चालान अपलोड नहीं कर पाए थे, उनको फिर से ऑनलाइन आवेदन भरकर पेमेंट गेटवे के माध्यम से फीस जमा करनी होगी। इससे पूर्व, छात्र संगठन अभाविप, छात्र युवा संघर्ष मोर्चा, मार्क्सवादी छात्र फेडरेशन, छात्र युवा जागरण मंच समेत अन्य छात्र संगठनों ने विवि से ऑनलाइन आवेदन के लिए चांसलर पोर्टल फिर से खेालने की मांग की थी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की महानगर इकाई ने सोमवार को छात्रहित को देखते हुए ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में अंशु तिवारी, मधुसूदन कुमार, पुष्परंजन, सचिन दुबे, अमन समेत अन्य मौजूद थे।

राज्य पुरस्कार के लिए दो शिक्षकों की अनुशंसा

राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए जिले के दो शिक्षकों की अनुशंसा राज्य से की जाएगी। डीईओ डॉ माधुरी कुमारी की अध्यक्षता में सोमवार को राज्य मुख्यालय से प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी की गई। स्क्रूटनी में दो शिक्षकों के आवेदन बेहतर पाए गए। सूत्रों का कहना है कि इस बार राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगा गया था। 22 शिक्षकों ने ऑनलाइन आवेदन किया था, जिनमें से 15 का आवेदन निर्धारित अर्हता पूरी नहीं करने के कारण पहले ही रद्द हो गया। सात आवेदन में से दो का चयन किया गया। जल्द ही मुख्यालय को दोनों शिक्षकों के नाम भेजे जाएंगे। बैठक में दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्राचार्य केबी भार्गव और अन्य मौजूद थे।

धनबाद: नीरज हत्याकांड में फिर नहीं हो सका आरोप गठन

पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या मामले में मंगलवार को भी अदालत में आरोप गठन नहीं हो सका। जिला एवं सत्र न्यायाधीश सप्तम रिजवान अहमद की अदालत में विधायक संजीव सिंह एवं अन्य आरोपियों की ओर से समय का आवेदन दिया गया।
कोर्ट को दिए गए आवेदन में बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने कहा कि कोर्ट की ओर से 21 जुलाई को पारित आदेश के विरुद्ध उच्च न्यायालय में चुनौती देने वाले हैं। इस स्थिति में आरोपियों को उच्च न्यायालय से आदेश लाने के लिए समय दिया जाए। 21 जुलाई को कोर्ट ने विधायक संजीव सिंह, धनजी सिंह और डबलू मिश्रा की ओर से दाखिल किए गए मोबाइल टावर लोकेशन और सीडीआर की मांग के आवेदन को खारिज किया था।
कोर्ट में लोक अभियोजक ने समय के आवेदन का पुरजोर विरोध किया और कोर्ट से आरोप गठन करने की प्रार्थना की। कोर्ट ने आवेदन को स्वीकार करते हुए आरोप गठन की अगली तिथि आठ अगस्त तय कर दी है। कोर्ट ने इस बीच उच्च न्यायालय से कोई आदेश लाने का निर्देश बचाव पक्ष को दिया है।

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...