Saturday, August 11, 2012

पीक आवर में बिजली के दर्शन दुर्लभ

धनबाद : शहर के लोगों ने बिजली संकट झेलते गर्मी तो जैसे-तैसे काट दी लेकिन बरसात के इस मौसम में भी स्थिति में बहुत सुधार नहीं है। अब भी शहर के लोगों को जबरदस्त बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। खासकर शहर में पीक ऑवर में तो अब भी बिजली के दर्शन दुर्लभ ही हैं। शाम छह से लेकर रात के 11 बजे के पांच घंटे के अंतराल में अक्सर करीब तीन घंटे बिजली गुल रह रही है। यह समय हर उपभोक्ता के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। व्यापार तो इस समय उफान पर होता ही है, घरों में भी लोगों को कई जरूरी काम होते हैं। बच्चों की पढ़ाई का भी यही सबसे कीमती समय होता है पर इस महत्वपूर्ण समय में भी बिजली लोगों का साथ नहीं दे रही है। कुछ दिन पूर्व डीवीसी का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण लोडशेडिंग की बात कही जा रही थी पर अब ट्रांसफार्मर बनकर चालू भी हो गया है पर संकट दूर नहीं हुआ है। लोडशेडिंग नहीं करने पर और होगा संकट : पीक ऑवर में लोडशेडिंग को लेकर डीवीसी के अपने ही तर्क हैं। डीवीसी के कुछ अधिकारियों का कहना है कि बरसात के इस मौसम में लोडशेडिंग सतर्कता के लिए जरूरी है। प्रत्येक दिन मौसम खराब हो रहा है। बिजली कड़क रही है और तेज बारिश हो रही है। ऐसी स्थिति में यदि आपूर्ति चालू रही तो पूरी लाइन ही बाधित हो जाएगी। तब लोगों को और मुसीबत होगी। सुधार के ब्लूप्रिंट के साथ आज मिलेगा चैंबर : शहर में बदहाल बिजली आपूर्ति से खफा जिला चैंबर ने शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए ब्लूप्रिंट तैयार किया है। चैंबर के पदाधिकारी शनिवार को जिलाध्यक्ष राजीव शर्मा के नेतृत्व में यह ब्लूप्रिंट बिजली बोर्ड के महाप्रबंधक को सौंपेंगे और उनसे बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग करेंगे।

No comments:

Post a Comment

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...