Thursday, August 2, 2012

डीसी दफ्तर में किया आत्मदाह

युवक नब्बे फीसदी जला, बोकारो जेनरल अस्पताल में चल रहा इलाज, हालत नाजुक

गिरिडीह : भाभी की प्रताड़ना से तंग नगर थाने के बरवाडीह बभनटोली मोड़ निवासी पप्पू अग्रवाल नामक युवक ने बुधवार को समाहरणालय परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया। उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बोकारो रेफर कर दिया। वह नब्बे फीसद जल चुका है। फिलहाल बोकारो जेनरल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। उसे अस्पताल के दो-ए वार्ड में रखा गया है। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बतायी है। गिरिडीह में हादसे के बाद प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गयी है। सूचना मिलते ही एसडीओ, सीओ, पुलिस निरीक्षक, नगर थाना प्रभारी आदि ने अस्पताल जाकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। बता दें कि समाहरणालय में अन्य दिनों की तरह कामकाज चल रहा था। तभी दिन के करीब साढे़ दस बजे समाहरणालय परिसर में बचाओ-बचाओ की आवाज से सभी के कान खड़े हो गए। लोगों ने पप्पू को जलते हुए देखा। तभी सम्राट बस के मालिक राजू खान ने उसके कपड़े फाड़कर आग बुझायी। तब तक वह काफी जल चुका था। बताया गया कि पप्पू काफी दिनों से परेशान था। वह न्याय के लिए समाहरणालय आया करता था। बुधवार को भी वह समाहरणालय परिसर में खड़ा होकर प्रशासन को कोस रहा था। अचानक उसने अपने शरीर पर किरोसिन तेल उड़ेल कर आग लगा ली। सिविल सर्जन डा. चन्द्र प्रकाश विभाकर के मुताबिक पप्पू करीब नब्बे प्रतिशत जल गया है। पप्पू ने सदर अस्पताल में बताया कि उसने अपनी भाभी प्रमिला देवी की प्रताड़ना से तंग आकर ऐसा किया। उसकी पत्नी नीतू अग्रवाल और बहन मुन्नी अग्रवाल ने बताया कि चार भाइयों में से एक अपनी पत्नी के साथ अलग रहते हैं। दो भाई साथ में रहते हैं। एक भाई की मौत हो चुकी है। भाभी प्रमिला शुरू से ही परिवार वालों से झगड़ा किया करती थी। वह पप्पू समेत अन्य भाइयों को डकैती का झूठा मुकदमा कर जेल भेजवा चुकी है।मंगलवार को भी उसने देवर पप्पू पर नगर थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए आवेदन दिया था। पप्पू ने भी नगर थाने में पुलिस से भाभी द्वारा प्रताडि़त किए जाने की शिकायत की थी। बार-बार की प्रताड़ना से आजिज पप्पू ने आत्मदाह की कोशिश की। उसकी पत्नी नीतू अग्रवाल ने कहा कि उसके पिता भुनेश्वर अग्रवाल मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के ड्राइवर हैं। बावजूद इसके उसने अपने पिता से पारिवारिक झगड़े का कभी भी जिक्र तक नहीं किया। नगर थाने की पुलिस के अनुसार मंगलवार को प्रमिला अग्रवाल देवर पप्पू पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराने आयी थी। एसडीओ संजय कुमार भगत ने कहा कि घरेलू विवाद के कारण पप्पू अग्रवाल ने समाहरणालय परिसर में अपने शरीर में आग लगा ली। उसने कभी पूर्व में किसी प्रकार की शिकायत नहीं की और न ही आत्मदाह करने की सूचना ही दी। पहले उसके इलाज की व्यवस्था की जा रही है। बाद में मामले की तहकीकात की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...