Wednesday, June 27, 2012

तोपचांची में नक्सली हमला, जवान शहीद

तेतुलमारी में पटरी उड़ाई, ग्रैंड कॉर्ड पर परिचालन ठप, बंद शुरू होते ही माओवादियों की वारदात

14 जवानों को गोली मारी, दो रांची रेफर



धनबाद : 26 जून की देर रात नक्सली बंद शुरू होने से पूर्व 11.40 बजे नक्सल प्रभावित तोपचांची थाना क्षेत्र में माओवादियों के हथियारबंद दस्ते ने घात लगाकर जीटी रोड पर गश्त के लिए निकली पुलिस टीम पर हमला कर दिया। फायरिंग में जिला पुलिस बल के एक जवान धनेश्वर महतो शहीद हो गए। वहीं वाहन पर सवार 13 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी को सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताते हैं कि तोपचांची में माओवादियों के जमावड़े की सूचना पुलिस को पहले ही मिल गई थी। इसे देखते हुए एसपी आरके धान मंगलवार दोपहर दो बजे से ही तोपचांची थाने में कैंप किए हुए थे। उन्होंने नक्सलियों को मात देने के लिए व्यूह रचना की थी। पुलिस नक्सलियों को घेरने के लिए चार टुकडि़यों में निकली थी, पर उनमें से एक टुकड़ी पर नक्सलियों ने ही हमला कर दिया। रात 12 बजे के बाद बाघमारा डीएसपी संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल जीटी रोड पर गश्त कर रही थी। डीएसपी जिप्सी में तथा पुलिसकर्मी 407 वाहन पर सवार थे। मानटांड़ में बांका पुल के पास नक्सली एकाएक वाहन पर गोली चलाने लगे। चारों ओर से पुलिस पर गोलियां बरसने लगीं। अंधेरे में घात लगा कर बैठे नक्सलियों के लिए यह वाहन आसान शिकार बन गया। वाहन पर सवार 13 जवानों को गोलियां लगीं। उनमें से एक धनेश्वर महतो की मौके पर ही मौत हो गई। वह बोकारो के निवासी थे और फिलहाल एसपी आवास पर हाउस गार्ड के रूप में तैनात थे। हमले के बाद तत्काल अन्य पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन फानन सभी घायलों को बुलेटप्रूफ गाडि़यों में सेंट्रल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में तीन पुलिसकर्मियों की स्थिति गंभीर है। घायलों में तोपचांची थाना के सहायक अवर निरीक्षक हरि उरांव भी हैं। देर रात आइजी मुरारी लाल मीणा और डीआइजी लक्ष्मण कुमार सिंह भी सेंट्रल अस्पताल पहुंचे। उधर तोपचांची में पुलिस वाहन पर हमले के फौरन बाद नक्सलियों ने रेलवे को भी निशाना बनाया। देर रात करीब एक बजे तेतुलमारी और निचितपुर स्टेशनों के बीच रेल गेट संख्या छह के समीप दो बम विस्फोट कर अप और डाउन लाइन उड़ा दी। इससे दोनों लाइन पर ट्रैक्शन तार टूट गया जिससे हावड़ा-नई दिल्ली रेलखंड पर गाडि़यों का परिचालन रुक गया।

No comments:

Post a Comment

<iframe style="width:120px;height:240px;" marginwidth="0" marginheight="0" scrolling="no" frameb...